सोनभद्र/घोरावल। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के डोमखरी गांव में बुधवार की रात बरात देखने गए रामगति बैगा (45) कार से कुचलकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां बृहस्पतिवार को मौत हो गई। आरोप है कि वह बरात में आए हुए थे। नशे की हालत में युवकों ने उस पर कार चढ़ा दी। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के डोमखरी गांव में बरात आई थी। उसे देखने के लिए गांव का ही रामगति बैगा गया हुआ था। वह सड़क किनारे खड़ा था। आरोप है कि वहां बरात का पोस्टर लगा कार लेकर कुछ युवक पहुंचे और नशे की हालत में उसके ऊपर कार चढ़ा दी।
इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी कार लेकर भाग निकले। जानकारी पाकर पहुंचे परिवार वाले रामगति को लेकर सीएचसी घोरावल पहुंचे। वहां से तत्काल मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान बृहस्पतिवार को मौत हो गई।
प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह के मुताबिक पत्नी की तहरीर पर अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। संवाद