सोनभद्र। सदर कोतवाली क्षेत्र के हिंदुआरी गांव में ट्रेन से कटकर एक युवक की मौत हो गई। रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिला। पुलिस शव कब्जे में लेकर छानबीन में जुटी है।
जैत गांव निवासी शिवमूरत का पुत्र रंजीत (25) घर पर ही रहता था। कुछ दिनों से वह काफी तनाव में था। बृहस्पतिवार की शाम किसी बात से आहत होकर घर से निकल गया। देर शाम तक न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन की, मगर उसका कहीं पता नहीं चल सका। शुक्रवार की सुबह हिंदुआरी चौकी पुलिस को रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव होने की सूचना मिली।
चौकी प्रभारी बृजेश पांडेय ने काफी प्रयास के बाद मृतक की पहचान रंजीत मौर्या के रूप में हुई। परिजनों ने कुछ लोगों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। सदर कोतवाल सतेंद्र कुमार ने बताया कि युवक के आत्महत्या का मामला सामने आया है। जांच की जा रही है।