बभनी थाना में महिला और उसके बेटे का शव पहुंचने के बाद जुटी परिजन व पुलिस।
- फोटो : संवाद
चोपन। वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर चोपन बस स्टैंड के पास शनिवार को दोपहर 12 बजे हुए भीषण सड़क हादसे से लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। राखी बांधने मायके जा रही बाइक सवार महिला और उसके नौ महीने के बेटे को ट्रेलर ने रौंद दिया।
इससे दोनों की मौत हो गई और शव सड़क बिखर गए। हादसे में महिला का पति, तीन साल का बेटा और बहन समेत तीन लोग घायल हो गए। उन्हें चोपन सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
डाला निवासी राजन (35) अपनी पत्नी कविता (30), बेटे भोदुआ (9 माह), सोनू (3) और साली काजल (12) को लेकर बाइक से ससुराल रेडिया गांव जा रहा था। सभी एक ही बाइक पर सवार थे।
कविता अपने छोटे बेटे को गोद में लेकर पीछे बैठी थी। चोपन में मुख्य बाजार पार कर अग्रवाल मार्केट के पास पीछे से तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक पर टक्कर मार दी। इससे कविता मासूम बच्चे के साथ सड़क पर गिर गई। दोनों को रौंदते हुए ट्रेलर तेज रफ्तार से आगे निकल गया।
पहिए के नीचे आने से मां-बेटे की मौत हो गई और दोनों के शव क्षत-विक्षत हो गए। वहीं, बाइक चला रहा राजन, काजल और सोनू गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से तत्काल उन्हें चोपन सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सीएचसी के डॉ. अभय सिंह ने बताया कि राजन की हालत गंभीर बनी हुई है। उधर, चोपन एसओ विजय चौरसिया ने सड़क से मां-बेटे के शव को हटवाकर यातायात बहाल कराया। एसओ ने बताया कि सीसी टीवी की फुटेज से वाहन और चालक की तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।