शक्तिनगर क्षेत्र के भैरवा गांव के समीप पटरी से उतरी मालगाड़ी ट्रेन की बोगी।
- फोटो : SONBHADRA
शक्तिनगर/अनपरा। एनसीएल से कोयला लेकर अनपरा पावर प्लांट जा रही मालगाड़ी का आखिरी वैगन बृहस्पतिवार की दोपहर 12 बजे भैरवा गांव के पास पटरी से उतर गया। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। कुछ दूर जाने पर जब चालक को पता चला तो इसकी सूचना अधिकारियों को दी।
कोयला लदी मालगाड़ी का का वैगन पटरी से उतरने की सूचना मिलने पर अधिकारियों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने अनुरक्षण टीम को मौके पर भेजा। अनुरक्षण टीम मौके पर पहुंच वैगन को पटरी पर लाने के कार्य में जुट गई। अनपरा तापीय परियोजना कोल ट्रांसपोर्ट डिवीजन फर्स्ट के अधिशासी अभियंता अजय प्रताप सिंह ने बताया कि खड़िया लोडिंग प्वाइंट से कोयला लेकर मालगाड़ी परियोजना के लिए आ रही थी। इसी दौरान रास्ते में भैरवा गांव के पास मालगाड़ी का आखिरी वैगन अन्य वैगनों से अलग हो गया तथा कुछ दूर जाकर डिरेल हो गया। घटना की जानकारी होने पर अनुरक्षण टीम मौके पर पहुंच गई है। डिरेल वैगन को लाइन पर लाने व क्षतिग्रस्त रेलवे ट्रैक को दुरुस्त करने का काम चल रहा है। 48 घंटे में अनुरक्षण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।