गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने धनबाद से लोकमान्य तिलक टर्मिनल (मुंबई) के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन साप्ताहिक रूप से दोनों दिशाओं में संचालित होगी।
धनबाद मंडल के वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं वरीय जनसंपर्क अधिकारी मोहम्मद इकबाल ने बताया कि गाड़ी संख्या 03327-28 धनबाद-लोकमान्य तिलक टर्मिनल स्पेशल ट्रेन का संचालन 26 अप्रैल से शुरू होकर 29 जून 2025 तक जारी रहेगा।
गाड़ी संख्या 03327 धनबाद से हर शनिवार को सुबह 8 बजे रवाना होगी और अगले दिन रविवार शाम 5.30 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनल पहुंचेगी। गाड़ी संख्या 03328 लोकमान्य तिलक टर्मिनल से हर रविवार रात 8 बजे रवाना होकर मंगलवार सुबह 8.40 बजे धनबाद पहुंचेगी।
यह स्पेशल ट्रेन धनबाद, कतरासगढ़, चंद्रपुरा, बोकारो थर्मल, रांची रोड, पतरातू, खलारी, लातेहार, डाल्टनगंज, गढ़वा रोड, रेणुकूट, ओबरा डैम और सिंगरौली जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों से होकर गुजरेगी।
ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए 6 सामान्य श्रेणी, 6 शयनयान श्रेणी, 4 तृतीय वातानुकूलित इकोनॉमी, 2 तृतीय वातानुकूलित, और 2 द्वितीय वातानुकूलित कोच लगाए गए हैं।