बच्ची की मौत के बाद परिजनों का हल्लाबोल
- फोटो : अमर उजाला
सोनभद्र के पन्नूगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत महेवा गांव के पास मंगलवार को तेज रफ्तार टैंकर की चपेट में आने से कक्षा एक की छात्रा की मौत हो गई। हादसे से गुस्साए लोगों ने बेलखुरी-नौगढ़ मार्ग को जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे सदर एसडीएम ने लोगों से वार्ता की। कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया।
महेवा गांव निवासी सत्येंद्र पांडेय की बेटी दीपिका (7) गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक में पढ़ती थी। मंगलवार को वह घर से स्कूल जाने के लिए निकली। रास्ते में तेज रफ्तार टैंकर ने बालिका को चपेट में ले लिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। गुस्साए लोगों ने शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। जाम से बेलखुरी-नौगढ़ मार्ग पर आवागमन थम गया। जाम की सूचना पर पन्नूगंज एसओ मौके पर पहुंचे। लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराने की कोशिश की, लेकिन आक्रोशित लोग उच्चाधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे एसडीएम रमेश कुमार मौके पर पहुंचे। परिजनों को आश्वस्त किया कि टैंकर चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।