घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के लक्ष्मणपुर गांव में मंगलवार को मामूली बात को लेकर हुई मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बिजली आपूर्ति के लिए गांव में लगे ट्रांसफार्मर को बनवाने के लिए चंदा वसूलने को लेकर यह घटना हुई। इस संबंध में मारपीट करने के आरोपी तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस के अनुसार लक्ष्मणपुर निवासी रामआसरे मौर्या (25) पुत्र लोकनाथ मौर्या ने मंगलवार को तहरीर देकर बताया कि लक्ष्मणपुर गांव में लगे ट्रांसफार्मर में खराबी के चलते बिजली आपूर्ति बाधित चल रही थी।ट्रांसफार्मर को रिपेयर कराने के लिए वह कुछ ग्रामीणों के साथ उक्त ट्रांसफार्मर से कनेक्शन लेने वाले लोगों से चंदा इकट्ठा कर रहा था।इसी क्रम में जब वह रामराज मौर्य के घर चंदा लेने के लिए गया तो उसके एवं उसके परिजनों के साथ कहा सुनी होने लगी।उन लोगों ने गाली गलौज करने के साथ ही उसके साथ मारपीट किया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल राम आसरे को घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उसका मेडिकल परीक्षण तथा उपचार किया गया।इस सम्बंध में एसएचओ बृजेश सिंह ने बताया कि मारपीट के आरोपियों रामराज ,अशोक तथा सुभाष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।