थाना क्षेत्र के कोलिनडूबा गांव में मंगलवार की रात छह वर्षीय बेटी को साथ लेकर पत्नी को ढूंढने निकला मजदूर कुएं में गिर गया। डूबने से पिता की मौत हो गई, जबकि बेटी को लोगों ने बाहर निकाल लिया।
उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोलिनडूबा गांव निवासी रामू भुइयां (48) बाहर रहकर मजदूरी करता था। दो-तीन दिन पहले ही वह दीपावली मनाने के लिए घर आया था।
उसकी पत्नी भी दूसरे के घरों में काम कर परिवार का भरण पोषण करती है। मंगलवार को भी वह काम पर गई थी। देर रात साढ़े आठ बजे तक भी नहीं लौटी तो अपनी छह वर्षीय बेटी को साथ लेकर रामू पत्नी को ढूंढने के लिए निकला।
घर से कुछ दूर आगे बढ़ते ही पगडंडी के रास्ते पर स्थित खुले कुएं में पिता-पुत्री गिर गए। अंधेरे के कारण उन्हें कुआं नजर नहीं आया। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर पास-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे।
साड़ी की रस्सी बनाकर बच्ची को कुएं से बाहर निकाला गया। जब उसने बताया कि पिता भी उसके साथ अंदर गिर गए थे तो ग्रामीणों ने रामू की भी तलाश की। ग्राम प्रधान सहित पुलिस को घटना की सूचना दी।
इस बीच रामू की पत्नी भी मौके पर पहुंच गई। घायल मासूम को अस्पताल में भर्ती कराया गया। विंढमगंज थाना प्रभारी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
रामू के परिवार में पत्नी और छह बच्चे हैं। उसकी मौत के बाद उनके सामने भरण-पोषण की समस्या जटिल हो गई है। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है।