नगर के हिंडाल्को आवासीय परिसर स्थित मिताली क्लब की दुर्गा पूजा भव्य होती है। इस बार भी यहां के पंडाल को आकर्षक रूप दिया जा रहा है। इस पूजा पंडाल में कोलकाता के इस्कॉन मंदिर की झलक दिखेगी तो दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर जैसा भी नजारा होगा।
कोलकाता से आए कारीगर पंडाल को अंतिम रूप देने में लगे हुए हैं। पंडाल का स्वरूप लगभग तैयार हो चुका है और उसे सजाने का कार्य किया जा रहा है।
मिताली क्लब के अध्यक्ष तपस चौधरी व अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि हिंडाल्को की स्थापना काल 1962 से ही मिताली क्लब में दुर्गा पूजा मनाया जाता रहा है।
यहां की दुर्गा पूजा को देखने बड़ी संख्या में नगर सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों से भी लोग आते हैं। प्रतिवर्ष यहां पंडाल के आसपास मैदान में नगरवासी दुकान लगाते हैं। नवरात्र की अष्टमी, नवमी और दशमी तिथि पर यहां भव्य मेले का आयोजन होगा।
क्लब के जनरल सेक्रेटरी उत्तम मन्ना ने बताया कि कोलकाता से ही आए कारीगर यहां की मूर्ति का निर्माण भी करते हैं। यहां सब कुछ बंगाली रीति रिवाज के मुताबिक ही होता है।
बारिश को देखते हुए अस्थाई रूप से शेड का निर्माण भी कर दिया गया है ताकि पंडाल सुरक्षित रहे। इस दौरान क्लब के उपाध्यक्ष उज्ज्वल केश, डॉ. भास्कर दत्ता, तपन पाल, डॉ. मनीष, रंजन चक्रवर्ती, कौशिक तरफदार, पूजा, निर्मल देवनाथ, सुजीत गुहा आदि रहे।