शिवसेना (यूबीटी) के पदाधिकारियों ने मंगलवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग को ज्ञापन सौंपकर अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में भेंट की गई चार किलो चांदी की ईंट के संबंध में जांच कराने की मांग की। संगठन ने दावा किया कि उक्त ईंट का वर्तमान रिकॉर्ड स्पष्ट नहीं है और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि उद्धव ठाकरे की ओर से श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए चार किलो चांदी की एक ईंट भेंट किए जाने की घोषणा की गई थी। संगठन के अनुसार, उद्धव बालासाहेब ठाकरे के प्रथम अयोध्या दौरे के दौरान शिवसेना उत्तर प्रदेश इकाई के तत्कालीन प्रदेश प्रमुख ठाकुर अनिल सिंह ने चांदी की ईंट श्रीराम मंदिर ट्रस्ट को सौंपी थी। शिवसेना (यूबीटी) के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि उक्त चांदी की ईंट का वर्तमान रिकॉर्ड सार्वजनिक रूप से स्पष्ट नहीं है। उन्होंने मांग की कि मंदिर ट्रस्ट से संबंधित अभिलेखों की जांच कराई जाए और यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या तथ्य सामने आते हैं तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए। इस दौरान अजय पासवान, चंद्र मोहन सिंह, श्वेता सिंह, सुरेश केसरी, आशुतोष सिंह, मनीष भारती मौजूद रहे।