सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने सब इंस्पेक्टर की तहरीर पर एक व्यक्ति के खिलाफ धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया है। जांच में पता चला कि दरोगा सुजीत कुमार सेठ और उनके परिवार को जान से मारने का धमकी देेने वाला आरोपी आजमगढ़ का रहने वाला है।
पुलिस के मुताबिक आजमगढ़ के तरवां थाना क्षेत्र के फिरोजपुर गांव निवासी वादी उप निरीक्षक सुजीत कुमार सेठ वर्तमान में एएचटीयू सोनभद्र में नियुक्त हैं। उन्होंने तहरीर देकर बताया कि उन्हीं के थाना क्षेत्र का रहने वाला एक व्यक्ति उनके पिता को जमीन विवाद में उलझा कर परेशान कर रहा है। चार मार्च की शाम करीब साढ़े सात बजे उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति ने फोन करके जान से मारने की धमकी दी। दरोगा ने धमकी देने वाले व्यक्ति व उसके साथियों से खुद और परिवार के अन्य सदस्यों को जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस ने बताया कि पीड़ित दरोगा की तहरीर पर आजमगढ़ जिले के तरवां क्षेत्र निवासी आरोपी राजेश उर्फ गुड्डू यादव के खिलाफ धमकी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।