रेणुकूट। नगर स्थित एक निजी औद्योगिक प्रतिष्ठान की ओर से संचालित अस्पताल के प्रबंधन ने एक व्यक्ति पर अव्यवस्था फैलाने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। कामकाज में बाधा डालने का भी आरोप है। उधर, आरोपी पक्ष ने अस्पताल प्रबंधन की मनमानी की शिकायत की है।
पुलिस को दिए शिकायती पत्र में अस्पताल के प्रशासनिक अधिकारी आशीष रंजन ने बताया कि नगर की एक महिला को चोट लगने पर अस्पताल लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था। इसके बाद नगर निवासी विजय प्रताप सिंह बिना अनुमति अस्पताल में घुस आए और इमरजेंसी सहित अन्य वार्डों में फोटो व वीडियो बनाने लगे। सुरक्षा गार्डों के रोकने पर धमकी भी दी। वीडियो को फेसबुक पर वायरल किया गया। बताया कि मरीज को इलाज में सौ प्रतिशत छूट दी गई थी और एंबुलेंस सेवा भी उपलब्ध कराई गई थी। वहीं, मामले में
विजय प्रताप ने बताया कि एंबुलेंस देने की बात गलत है। मरीज को एंबुलेंस पिपरी नगर पंचायत चेयरमैन दिग्विजय प्रताप सिंह ने उपलब्ध कराई थी। मरीज को मप्र के बैढ़न स्थित निजी चिकित्सालय ले जाया गया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर घायलों का सिर्फ प्राथमिक उपचार कर रेफर करने, जरूरतमंदों को एंबुलेंस न देने का आरोप लगाया है। इस बाबत पिपरी एसओ विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। उचित कार्रवाई की जाएगी।