रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के लोहरा गांव के जंगल में सोमवार की शाम बकरी चराने गए युवक पर भालू ने हमला कर दिया। भालू ने उसका चेहरा नोच लिया। एक आंख निकाल दी। गंभीर हालत में युवक को जिला अस्पताल लाया गया, जहां से वाराणसी रेफर कर दिया गया।
लोहरा गांव के अकड़हवा टोला निवासी सुरेश (35) सोमवार को बकरी चराने पास के जंगल में गया था। शाम करीब चार बजे अचानक मादा भालू उसके सामने आ गई। अपने बच्चे के साथ मौजूद भालू ने उस पर हमला बोल दिया। पंजे से प्रहार कर सुरेश का चेहरा नोच दिया।
उसकी एक आंख भी बाहर आ गई। शोरगुल सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ और किसी प्रकार सुरेश को भालू के चंगुल से छुड़ाया। घायल को साइकिल से लेकर ग्रामीण सड़क पर आए और फिर वहां से एंबलुेंस में लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया।