सोनभद्र। अनपरा थाना क्षेत्र के रणभोर गांव के पास रविवार की देर रात फायर झोंक भाग रहे बीयर विक्रेता के हत्यारोपी दिनेश शुक्ला को मुठभेड़ के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस बीच अंधेरे का लाभ उठाकर दूसरा बदमाश भागने में सफल रहा। हत्यारोपी की निशानदेही पर पनाह देने वाला राकेश भगत भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपियों के बताने पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कट्टा भी बरामद कर लिया है। हत्या के पीछे एएसपी ने रुपयों के लेनदेन के विवाद को कारण बताया है।
यह जानकारी सोमवार को राबर्ट्सगंज कोतवाली मेें अपर पुलिस अधीक्षक लालबहादुर ने आरोपियों के साथ पत्र-प्रतिनिधियों को दी। उन्हों ने बताया कि रविवार की देर रात्रि एसपी रामबहादुर यादव को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि 27 अप्रैल, 13 को अनपरा थाना क्षेत्र के परासी गांव निवासी बीयर विक्रेता सुरेश यादव की हत्या करने वाले आरोपी रणभोर के हैं। एसपी के निर्देश पर पिपरी सीओ प्रमोद कुमार के नेतृत्व में अनपरा एसओ वीरेंद्र यादव, शक्तिनगर थानाध्यक्ष रविंद्र यादव फोर्स के साथ मुखबिर के बताए गए स्थान पर नाकेबंदी की। रात्रि करीब डेढ़ बजे पुलिस को एक बाइक पर दो युवक आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रोकने का इशारा किया तो वे तेजी से भागने के साथ पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। हालांकि पुलिसकर्मियों ने एक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा भागने में सफल हो गया। एएसपी ने बताया कि प्रतापगढ़ जिले के फतनपुर थाना क्षेत्र के नरायणपुर खुर्द निवासी दिनेश कुमार शुक्ला पुत्र स्व. शेषमणि के पास से 315 बोर का एक कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा और बाइक मिली है। उसी की निशानदेही पर उसे पनाह देने वाले अनपरा थाना क्षेत्र के परासी निवासी राकेश भगत पुत्र बुधराम भगत को पकड़ा गया है। दिनेश के ही निशानदेही पर बिछड़ी गांव से सुरेश यादव के हत्या में प्रयुक्त एक अदद कट्टा और एक खोखा बरामद हुआ। आरोपियों को पकड़ने में एसआई अतुल कुमार सिंह, कां. नदीम अहमद, प्रदीप सिंह, अरूण यादव, लालजी यादव और चालक भोला सिंह का अहम योगदान रहा। एसपी ने टीम को पांच हजार रुपये की धनराशि से पुरस्कृत करने की घोषणा की हैैै।