सोनभद्र। शाहगंज स्थित एक विद्यालय में शनिवार की सुबह उस समय अफरातफरी मच गई जब गैस सिलेंडर में आग लग गई। सिलेंडर में विस्फोट के भय से लोग दहशत में आ गए। घटना में किचन के कमरे का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। फायर ब्रिगेड के जवानों ने पहुंचकर आग पर काबू पाया।
शाहगंज में जंग बहादुर सिंह इंटर कालेज में सुबह बच्चे स्कूल पहुंच गए थे। करीब 10 बजे शिक्षक प्रार्थना की तैयारी में थे। बच्चे फील्ड में इकट्ठा हो गए थे। इसी बीच विद्यालय परिसर से सटे किचन में रखे गैस में रिसाव के कारण आग लग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पल भर में ही पूरे कमरे में लपटें उठनी शुरू हो गईं। बच्चे आग की लपटों को देखकर शोर मचाने लगे। शिक्षक बच्चों को संभालने की कोशिश में लगे रहे लेकिन बच्चे डर के मारे इधर-उधर भाग रहे थे। इस दौरान विद्यालय में अफरातफरी मच गई। शिक्षकों ने इसकी सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी। फायर ब्रिगेड के जवानों ने तत्काल पहुंचकर काफी देर के बाद आग पर काबू पाया। एसओ शाहगंज मौके पर पहुंचकर बच्चों को विद्यालय के बाहर निकाला और विद्यालय में छुट्टी करवा दी। प्रधानाचार्य राधे सिंह ने बताया कि किचन में रसोइया मिड डे मील कर खाना बना रही थी। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। प्रार्थना का समय होने से बच्चे मैदान में थे, इस लिए अफरा-तफरी ज्यादा मच गई।