ओबरा (संवाददाता)। नगर पंचायत वार्ड नंबर बीस परियोजना कालोनी सेक्टर आठ का कुछ हिस्सा व प्राइवेट कालोनी आता है। इस वार्ड के अधिकतर निवासी नगर पंचायत और बिल्ली ग्रामसभा दोनों के मतदाता हैं। इस वार्ड में सफाई कार्य न होने से निवासियों को गंदगी जैसी समस्याओं से होकर गुजरना पड़ता है।
वार्ड की सड़क भी खराब हो चुकी है। कुछ हिस्सों में सड़क निर्माण का कार्य कराया गया है। वार्ड के विकास के लिए नगर पंचायत द्वारा इंटरलाकिंग खड़ंजा व सीसी रोड बनवाया गया है, जिससे निवासियाें को थोड़ी राहत है। परियोजना कालोनी होने से पानी की किल्लत की समस्या से निवासियों को नहीं जूझना पड़ता है। बस दरकार है तो सफाई व सड़क अनुरक्षण कार्य की। वार्ड निवासी जितेंद्र कुमार ने कहा कि वार्ड में सफाई कार्य न होने से गंदगी का अंबार है। सफाई के अभाव में नालियां जाम हो चुकी है। वहीं, वार्ड की सड़क भी जर्जर हालत में है।
मोहित कुमार का कहना है कि वार्ड में नगर पंचायत द्वारा कुछ स्थानों पर इंटरलाकिंग खड़ंजा करा देने से कुछ राहत है, लेकिन सफाई कार्य न होने से नालियों का अस्तित्व समाप्त की ओर है। इस वार्ड में कूड़ा कचरा इधर-उधर बिखरा पड़ा है, जिसके कारण हम सभी का जीना मुहाल हो गया है। शेषनाथ सिंह का कहना है कि गंदगी के अंबार से मच्छरों का आतंक हो गया है। सफाई अभाव में कई माह से नालियों जाम पड़ी हैं।
बरसात के दिनों में भारी मुसीबत झेलनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि सफाई कार्य हो जाए तो वार्ड की रौनक बढ़ जाएगी। डा. आरसी मौर्या ने कहा कि नगर पंचायत द्वारा इंटरलाकिंग खड़ंजा व सीसी रोड बनवा देने से हम सभी को राहत है। सफाई कार्य भी समय-समय पर होता रहे तो जाम नालियों व कूड़ा-कचरा से छुटकारा मिल जाए। वार्ड निवासी बाबी सिंह का कहना है कि नालियां जाम होने के कारण बरसात के दिनों में पानी घरों में घुस जाता है। इसके चलते हम सभी को मुसीबतों का सामना करना पड़ता है।
जाम नालियों व कूड़ा कचरा की सफाई हो जाए तो वार्ड की रौनक बढ़ जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत द्वारा सीसी रोड व इंटरलाकिंग खड़ंजा करा कर वार्ड में विकास कार्य कराये गए हैं जो वार्ड की रौनक बढ़ा रहा है।