ओबरा (संवाददाता)। विद्युत मजदूर संगठन उत्तर प्रदेश लोका ने मुख्य महाप्रबंधक को पत्रक सौंप संविदा श्रमिकों को काम पर लेने की मांग की है। संगठन के क्षेत्रीय मंत्री आरपी त्रिपाठी ने कहा कि राम नरेश गोंड, राजमणि निषाद, राहुल कुमार, अयोध्या प्रसाद, राम पुकार, सुरेश कुमार 2003 से ही संविदा में रनिंग मेंटीनेंस शिफ्ट में कार्य करते चले आ रहे हैं, लेकिन मौजूदा समय में उक्त मजदूरों को काम न देने के साथ साथ उनका गेटपास भी नहीं बनाया जा रहा है। यह मजदूरों के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि इस भीषण महंगाई में एक दिन की रोटी का व्यवस्था करना मुश्किल है। बावजूद इसके कई वर्ष से कार्य कर रहे मजदूरों को काम न देकर सौतेला व्यवहार किया जा रहा है।