सोनभद्र। नगर स्थित बढ़ौली चौक पर शनिवार को जाम में फंसे सदर विधायक एवं जिलाध्यक्ष अविनाश कुशवाहा के समर्थकों ने जमकर हंगामा किया। विधायक के एक समर्थक की ड्यूटी पर तैनात सिपाही के साथ कहासुनी हो गई। इस बात की जानकारी होने पर विधायक समर्थकों के साथ कोतवाली जा पहुंचे। यहां वह सिपाही पर प्राथमिकी दर्ज कराने की जिद पर अड़ गए। कोतवाल डीपी शुक्ला के आश्वासन पर वह लौट गए।
दोपहर करीब 12 बजे सेंट जोसेफ कान्वेंट स्कूल से टैगोर नगर निवासी नंदकिशोर सिंह बाइक पर बच्चों को बैठा कर अपने घर की ओर जा रहे थे। बढ़ौली चौक पर पिकेट पर तैनात सिपाही श्यामचरण यादव और नंद किशोर सिंह के बीच बाइक किनारे करने को लेकर कहासुनी होने लगी। इसकी जानकारी मिलते ही कई सपाई मौके पर पहुंच गए और सिपाही से उलझ गए। इस दौरान कोतवाली का एक अन्य कांस्टेबल मौके पर पहुंच कर सपाजनों को कोतवाली चलने के लिए कहने लगा तो मामला और बिगड़ गया। उसी दौरान पार्टी कार्यालय जा रहे विधायक को कार्यकर्ता के साथ बदसलूकी की खबर मिली। जाम में फंसे विधायक काफी देर तक हूटर बजाते रहे, लेकिन उन्हें रास्ता नहीं मिला। इस पर नाराज विधायक स्कार्पियों को वहीं खड़ी कराकर बढ़ौली चौराहे से समर्थकों के साथ कोतवाली जा पहुंचे।
उधर, विधायक अविनाश कुशवाहा ने कहा कि सिपाही ने जानबूझकर सक्रिय कार्यकर्ता के साथ अभद्रता की है। जाम छुड़ाने के बजाए सिपाही मासूम बच्चों की अनदेखी करते हुए बाइक को
रोककर उसमें से चाभी छीन लिया। वह घटना के वक्त पार्टी कार्यालय जा रहे थे। लोगों से उन्हें सूचना मिली तो वह सीधे कोतवाली पहुंचे। आमजनमानस में सिपाही के खिलाफ गुस्सा भरा पड़ा था। लोगों ने इस मामले की तहरीर कोतवाली को दे दी है। किसी भी शहरी के साथ अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।