सोनभद्र। वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग के चौड़ीकरण के लिए शनिवार की सुबह एक बार फिर सड़क की खुदाई के दौरान बढ़ौली चौराहे पर मेन पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इससे हजारों घरों में पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी। इससे लोगों में असंतोष है। नगर पालिका चेयरमैन कृष्ण मुरारी गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर पाइपलाइन की मरम्मत शुरू करा दी है।
शनिवार की सुबह करीब छह बजे बढ़ौली चौक पर जेसीबी से वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर खोदाई हो रही थी। इस दौरान भेलाही बंधी से राबर्ट्सगंज नगर में पेयजलापूर्ति के लिए बिछी पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इससे सड़क निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में पानी भर गया। इसकी जानकारी होने पर नगर पालिका कर्मी पेयजलापूर्ति ठप कर मौके पर पहुंच गए और पाइप की मरम्मत में जुट गए। उधर अचानक पानी की सप्लाई बंद होने से नगरवासी परेशान हो गए। लालमणि यादव, बब्लू, राजकुमार, शीला, संगीता और शीतला ने कहा कि पानी की समस्या के चलते दिनभर कामकाज प्रभावित रहा।
पानी की आपूर्ति न होने से लोगों का आवश्यक कामकाज भी प्रभावित हो गया। उधर नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण मुरारी गुप्ता ने मौके पर पहुंच कर पाइप टूटने की जानकारी प्रभारी ईओ (एसडीएम) राजेंद्र तिवारी को दी। चेयरमैन का कहना है कि सड़क का निर्माण करा रही कंपनी के अधिकारियों की लापरवाही से नगर में पेयजलापूर्ति के लिए बिछी पाइप लाइन अक्सर टूट जा रही है। इससे पेयजल का संकट गहरा जा रहा है। नगर पालिका के कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त पाइप लाइन की मरम्मत शुरू कर दी है जो शाम तक जारी था।