सोनभद्र। जिला संयुक्त चिकित्सालय लोढ़ी परिसर स्थित आयुष अस्पताल और राबर्ट्सगंज नगर स्थित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर शनिवार को 980 लोगों को कोरोना टीका लगाया गया। टीका लगवाने के लिए स्वास्थ्य केंद्रों पर सुबह से लोग पहुंचने लगे थे। महामारी से बचाव के लिए टीका लगवाने को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ी है। शुक्रवार को भी 1110 लोगों ने टीका लगवाया था। उप जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा.एसके चतुर्वेदी ने बताया कि शनिवार को स्वास्थ्य केंद्रों पर 980 लोगों को टीका लगा है। 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को टीका नि:शुल्क लग रहा है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में टीका लगवाने की अपील की है।