जिले के किसानों को समय से खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए सहकारिता विभाग ने बड़ी पहल की है। सोमवार को जिलाधिकारी बीएन सिंह के आदेश पर कुल 93 सहकारी समितियों को 870.00 मीट्रिक टन (8700 क्विंटल) उर्वरक (यूरिया व फास्फेटिक) का आवंटन किया गया है।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता, सोनभद्र ने जानकारी देते हुए बताया कि 5.00 मीट्रिक टन से कम उपलब्धता वाले समितियों को प्राथमिकता देते हुए यूरिया और फास्फेटिक उर्वरकों का आवंटन किया गया है।
इस क्रम में 45 सहकारी समितियों को 380.00 मीट्रिक टन यूरिया उर्वरक का आवंटन स्वीकृत किया गया है। वहीं 48 सहकारी समितियों को 490.00 मीट्रिक टन फास्फेटिक उर्वरक का आवंटन दिया गया है।
आरटीजीएस के माध्यम से अग्रिम भुगतान के आधार पर पीसीएफ (प्रदेश को-ऑपरेटिव फेडरेशन) द्वारा जल्द ही उर्वरकों का प्रेषण शुरू किया जाएगा।यूरिया आवंटन पाने वाली प्रमुख समितियों में दुद्धी, अमवार, लिलासी, केकराही संघ, मधुपुर संघ, कम्हारडीह, बहुअरा, जुगैल, रामगढ़, सिरसाई, वैनी व पीसीएफ डोहरी आदि शामिल हैं।
वहीं फास्फेटिक उर्वरक पाने वाली समितियों में रॉबर्ट्सगंज, करमा, चोपन, शाहगंज, कोटा, लोहांडी, ओबराडीह, बकौली, बभनी, देवगढ़, मुसहाॅ, तरावां, श्रीरामपुरी व अन्य कई समितियां शामिल हैं। सहकारिता विभाग के अनुसार यह आवंटन खरीफ सीजन के दृष्टिगत किसानों की जरूरतों को देखते हुए किया गया है ताकि खाद की कोई कमी न होने पाए।