सोनभद्र। बीते विधान सभा चुनाव में तमाम अभियानों के बाद भी बहुत से इलाकों में कम मतदान हुआ था। कई मतदान केंद्रों में 23 पतिशत से कम मतदान हुआ था। प्रशासन ने लोकसभा चुनाव में ऐसे इलाकों में अधिक से अधिक वोटिंग की कवायद कर रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कम मतदान वाले बूथों की रिपोर्ट मांगी है। कम मतदान वाले इलाकों में जागरूकता अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है। बता दें कि वर्ष 2017 में राबर्ट्सगंज, घोरावल, ओबरा और दुद्घी विधान सभा में 927 मतदान केंद्र एवं 1368 मतदेय स्थल बनाए गए थे। नक्सल प्रभावित, पहाड़ी और दुरूह इलाकों के कई मतदेय स्थलों पर 25 प्रतिशत से कम मतदान हुआ था। लोक सभा चुनाव में इन इलाकों में शत प्रतिशत मतदान कराने के उद्देश्य से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। लोक सभा चुनाव के लिए चारों विधान सभा क्षेत्र में 937 मतदान केंद्र एवं 1475 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी अंकित अग्रवाल ने राबटर्सगंज, घोरावल और दुद्घी एसडीएम को इन इलाकों में मतदान प्रतिशत बढ़ाने का निर्देश दिया है। साथ ही पिछले विधान सभा चुनाव में जिन बूथों पर कम वोट पड़े थे, उनकी सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। जिला निर्वाचन अधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल ने कहा कि शत प्रतिशत मतदान कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। कहा कि बूथों पर वोटरों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसका विशेष ख्याल रखा जा रहा है। एसडीएम से बूथों की सूची मिलने के बाद, वहां पर जागरूकता कार्यक्रम की शुरूआत कराई जाएगी।