चुर्क। सपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को नगर पंचायत चुर्क कार्यालय पर प्रदर्शन किया। यहां चेयरमैन और अधिशासी अधिकारी के खिलाफ नारेबाजी की। नगर पंचायत प्रशासन पर जनता की उपेक्षा करने और समस्याओं का निस्तारण न करने का आरोप सपा कार्यकर्ताओं ने लगाया।
यहां सभा में सपा के जिला महासचिव व पूर्व चेयरमैन सईद कुरैशी ने कहा कि नगर पंचायत कार्यालय पर नगर का कोई व्यक्ति अपनी समस्या को लेकर जाता है तो उससे ठीक से बात भी नही की जाती है। यदि कोई व्यक्ति कुटुंब रजिस्टर की नकल मांगता है, तो उससे साफ कहा जाता है कि कुटुंब रजिस्टर नहीं बना है। जबकि पूर्व में ही पूरे नगर पंचायत का कुटुंब रजिस्टर बना था। नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन ने कहा कि जब उनके कार्यकाल में कुटुंब रजिस्टर बना था तो आखिरकार वह कहां गया।
कुरैशी ने कहा कि नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी या कोई भी स्टाफ जनहित के कार्य को करना ही नहीं चाहता। अब तक एक भी लाभार्थी को प्रधानमंत्री आवास का पैसा न दिये जाने का उन्होंने आरोप लगाया। नगर पंचायत में साफ-सफाई भी ठीक ढंग से नहीं कराई जा रही है। जगह-जगह कूड़े पड़े हैं। मीडिया प्रभारी महफूज खां ने कहा कि नगर में कई जगह अंधेरा रहता है। प्रदर्शन के बाद अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा गया। प्रदर्शन में राजनाथ यादव, अजय सिंह, अंशु श्रीवास्तव, शाहबान अंसारी, किशन यादव, शेखर खत्री, मनदीप मोर्या, रोहित चंद्रवंशी, पेवारू यादव, संतोष यादव, गया प्रसाद, अश्विनी जायसवाल, विरेंद्र प्रताप यादव, प्रतीक सिंह, राजेश्वर पटेल आदि मौजूद रहे। उधर अधिशासी अधिकारी चुर्क नगर पंचायत सुनील कुमार का कहना है कि 350 प्रधानमंत्री आवास का फार्म भरकर डूडा कार्यालय भेज दिया गया है। पूरा नगर पंचायत आबादी की भूमि में है। इसको लेकर डीएम से वार्ता चल रही है। आदेशानुसार कार्रवाई होगी।