सोनभद्र। जिला अस्पताल में प्रसव कराने के एवज में अवैध वसूली करने का आरोप लगाते हुए बुधवार को सीएमओ कार्यालय पर सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। उन्होंने शहर और गांवों में डीडीटी दवा का छिड़काव कराने की मांग की। चेताया कि स्वास्थ्य विभाग जायज मांगों को अविलंब पूर्ण नहीं किया तो वृहद आंदोलन किया जाएगा।
छात्र सभा के प्रदेश सचिव आनंद चौबे ने कहा कि जिला अस्पताल में प्रसव कराने के नाम पर गरीबों से पैसा वसूला जा रहा है। इसका पार्टी विरोध करती है। सपा सरकार ने महिलाओं के उत्थान के लिए पेंशन शुरू की थी। लेकिन वर्तमान सरकार ने उसे बंद कर दिया है। शहर और गांवों में डीडीटी का छिड़काव न होने से संक्रामक रोग फैलने का खतरा उत्पन्न हो गया है। भाजपा सरकार में गरीबों का कोई सुनने वाला नहीं है। जिला सचिव महफूज खां ने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं के साथ अत्याचार कर रही है। इस सरकार में महिलाएं सुरक्षित नहीं है। अमित कुशवाहा, रमेश यादव, बच्चा चौबे, अनिल प्रधान, राहुल सेठ, सुरेश सोनी, आशीष यादव, दीपक कन्नौजिया, राकेश कुमार, अली खां, अनुपम त्रिपाठी, जितेंद्र यादव, मोहन कुमार आदि मौजूद रहे।