कोतवाली क्षेत्र के पसही कला गांव में बुधवार को हंगामा के चलते कोटे की दुकान का चयन नहीं हो सका। ग्रामीणों के बीच हाथापाई भी हुई। कोतवाली पुलिस पहुंची तो बवाल करने वाले भाग गए।
सुबह दस बजे से पसही कला गांव में कई माह से रिक्त चल रहे कोटे की दुकान के चयन की कार्रवाई शुरू हुई। दुकान के लिए दो प्रत्याशी मैदान में थे। लगभग 11 बजे एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष पर धांधली कर दुकान अपने पक्ष में कराने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। हाथापाई करने पर भी उतारू हो गए। सूचना मिलने पर पीआरवी जवान पहुंचे मगर लोग शांत नहीं हुए तो पीआरवी ने उच्चाधिकारियों को प्रकरण से अवगत कराया। सूचना मिलते ही कोतवाल भारत भूषण तिवारी, राबर्ट्सगंज चौकी इंचार्ज श्रीप्रकाश सिंह पहुंच गए। पुलिस को देखते ही विवाद करने वाले भाग निकले। एसडीएम राजकुमार ने बताया कि ग्रामीणों के विरोध के चलते दुकान के चयन की कार्रवाई नहीं हो सकी। बेवजह खलल डालने वालों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।