सोनभद्र। दीपावली पर्व के मद्देनजर जिले से सटे बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश की सीमाएं बुधवार को 48 घंटे के लिए सील कर दी जाएंगी। फोर्स को नक्सलियों से निपटने की खुली छूट रहेगी। इसके लिए एसपी आरपी सिंह ने मातहतों को निर्देशित कर दिया है।
सूबे के एक छोर पर बसे अतिनक्सल प्रभावित सोनभद्र चार राज्यों की सीमाओं को स्पर्श करता है। कुछ दिनों पूर्व खुफिया एजेंसी से पुलिस प्रशासन को इनपुट मिला है कि दीपावली पर्व पर नक्सली सीमावर्ती इलाकों में प्रवेश करने की फिराक में है। क्योंकि वर्ष 2012 से यूपी से नक्सलियों का नामोनिशान मिट गया है और वह अपनी घट रही साख को पूरा करने के लिए नक्सली घटनाओं को अंजाम देेने की फिराक में है। इसकी जानकारी होने के बाद पुलिस प्रशासन ने नक्सलियों से निपटने के लिए कमर कस लिया है। पुलिस अधीक्षक राम प्रताप सिंह ने कहा कि पड़ोसी राज्यों में नक्सलियों की चहलकदमी को देखते हुए बुधवार की शाम छह बजे से 48 घंटे के लिए चारों राज्यों की सीमाएं सील कर दी जाएगी। बार्डरों को सीआरपीएफ और पीएसी के हवाले कर दिया जाएगा। इसके अलावा नक्सल क्षेत्र के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सघन कांबिंग करने का निर्देश दिया गया है। जंगली रास्तों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। कहा कि एएसपी अरूण कुमार दीक्षित और डॉ. अवधेश सिंह बार्डरों पर तैनात फोर्स के क्रियाकलापों की मानीटरिंग करेंगे। फोर्स को नक्सलियों अैार अपराधियों से निपटने की खुली छूट दी गई है, ताकि जिले में नक्सलियों की परछाई तक प्रवेश न कर सकें।