सोनभद्र। पड़ोसी चार राज्यों की नाक में दम करने वाला सोन विंध्य जोन का नक्सली कमांडर सुधाकर यूपी के युवकों को गुमराह कर उन्हें नक्सली बनाने की तैयारी में जुटा है। गुरुवार की रात अधौरा जंगल में बैठक कर नक्सलियों ने सोनभद्र, मिर्जापुर और चंदौली जिले के बेरोजगार युवकों को संगठन से जोड़ने की रणनीति बनाई। जानकारी मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
बारिश का आगाज होते ही पड़ोसी राज्यों मेें नक्सली घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस की नींद हराम करने वाले नक्सली यूपी में घुसने की फिराक में जुट गए है। सूत्रों की मानें तो नक्सलियों के आकाआें ने बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश में युवाओं को गुमराह कर संगठन को मजबूती प्रदान करने वाले माओवादी सुधाकर को सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली समेत अन्य जिलों में नक्सली गतिविधियों को सक्रिय करने की जिम्मेदारी दी है। इसके मद्देनजर गुरुवार की रात करीब 10 बजे बिहार के सासाराम जिले के अधौरा जंगल में असलहों से लैश करीब 20 नक्सलियों ने बैठक की। इसमें नक्सली सुधाकर ने साथियों को यूपी के बेरोजगार युवक एवं युवतियों को बहला-फूसलकार उन्हें नक्सली बनाने के लिए योजना तैयार की। नक्सलियों ने लगातार यूपी पुलिस के हाथों मिल रही मात को पूरा करने के लिए नक्सली घटना को अंजाम देने की भी योजना बनाई। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक आरपी सिंह ने कहा कि जंगली बार्डर पिछले कुछ दिनों से नक्सलियों के चहलकदमी बढ़ गई है। माओवादी सुधाकर की सक्रियता की खबर मिलने के बाद बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड और एमपी बार्डर पर सीआरपीएफ को एलर्ट कर दिया गया है। जवानों को संदिग्ध व्यक्तियों पर पैनी नजर रखने का निर्देश दिया गया है। कहा कि
पुलिस कर्मियों को जिले में नक्सली प्रवेश करने की कोशिश किए तो उनसे निपटने की पूरी छूट दे दी गई है।