सोनभद्र। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर एसपी ने थाना इंचार्जों को शीघ्र लाइसेंसी असलहे जमा करवाने का निर्देश दिया है। जिले में 4378 लोगों के पास लाइसेंसी असलहे हैं, लेकिन अभी तक सिर्फ 2015 ने ही शस्त्र को जमा किया है। हालांकि अगर किसी लाइसेंसीधारी को जान का खतरा है या खास जरूरत पड़ती है तो वह डीएम और एसपी की संयुक्त कमेटी की अनुमति से ही असलहा अपने पास रख सकता है। बताते चले कि पुलिस लाइन चुर्क में चुनाव के मद्देनजर चुनाव सेल स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार डीएम कार्यालय से लगभग 5400 व्यक्तियों को पिस्टल, रिवाल्वर, दो नाली बंदूक, एक नाली बंदूक, राइफल का लाइसेंस जारी किया गया है। लाइसेंस लेने में सबसे अधिक ठेकेदार शामिल है। इसके बाद सरकारी कर्मी है। एक हजार से अधिक लाइसेंसधारियों ने असलहा क्रय नहीं किया है। लोस चुनाव के लिए आचार संहिता लगने के बाद पुलिस प्रशासन ने लाइसेंसधारियों के असलहों का मिलान कराने के साथ ही उनसे शस्त्रों को जमा कराना शुरू कर दिया है। थाना प्रभारी हल्का दारागाओं एवं बीटी के सिपाहियों को लाइसेंसधारियों के घर-घर भेज कर शस्त्रों का जमा करने के लिए नोटिस थमवाना शुरू कर दिए है। लेकिन जिन सरकारी कर्मियों का गैर जनपद स्थानांतरण हो चुका है उनके असलहों का मिलान कराने एवं जमा कराने में दिक्कतों का सामाना करना पड़ रहा। प्रतिदिन थाना प्रभारियों को कितने असलहे जमा हुए इसकी रिपोर्ट कंट्रोल रूम को देनी पड़ रही है। बृहस्पतिवार को कंट्रोल रूम ने बताया जिले के लगभग 2015 लाइसेंसीधारियों ने असलहा जमा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक सलमान ताज पाटिल ने कहा कि थाना इंचार्जों को अविलंब असलहों को जमा कराने का निर्देश दिया गया है। इसकी मानिटरिंग सभी सर्किल आफिसरों को सौंपी गई है।