अनपरा (सोनभद्र)। तापीय परियोजना आवासीय परिसर स्थित रामलीला मैदान में सोमवार से आयोजित सात दिवसीय श्रीराम चरित मानस यज्ञ के निमित्त भव्य कलश शोभा यात्रा गाजे-बाजे शंखनाद व जयकारे के साथ निकाली गयी।
शोभायात्रा पूरे कालोनी का भ्रमण करते हुये कहुआनाला स्थित अर्जुन छठ घाट पर पहुंची, जहां से कलश में जल भरकर यज्ञ मंडप में स्थापित किया गया। विप्र जनों ने मंत्रोच्चारण के बीच कलश की स्थापना की। पूर्ण फल की कामना को लेकर देवी देवताओं का आह्वान किया गया। मंत्रोच्चारण की अनुगूंज से पूरा क्षेत्र भक्तिभाव से सराबोर रहा। यज्ञाचार्य ने बताया कि यज्ञ में कलश यात्रा नींव की पहली ईट होती है। ईश्वर की असीम कृपा पात्र दिव्य भूमि को ही यज्ञ में काम आने का गौरव प्राप्त होता है। यज्ञ का आयोजन या उसमें भाग लेकर सारी मनोकामनाओं को पूर्ण किया जा सकता है। कथावाचक दिलीप भारद्वाज मानस के प्रसंगों पर संगीतमयी प्रवचन करेंगे। यज्ञ में ग्राम प्रधान रणहोर, अजय प्रकाश पांडेय व सूरजवती मुख्य यजमान हैं। यज्ञ को सफल बनाने में दशाराम यादव, अभिषेक बरनवाल, शारदा प्रसाद, हरिशंकर चौधरी, नितेश सिंह चौहान, दीपक मिश्रा, शिव प्रकाश, कुंदन आदि सहयोग कर रहा है।