सोनभद्र। बाल विकास पुष्टाहार विभाग के पोषण अभियान के तहत विभागीय योजनाओं का ब्लॉक स्तरीय एक दिवसीय उन्मुखीकरण प्रशिक्षण सोमवार को सदर ब्लॉक में हुआ। इसमें छह विभागों बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, बेसिक शिक्षा एवं खाद्य रसद विभाग की योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचा कर कुपोषण दूर करने पर चर्चा हुई। एसडीएम सदर शादाब असलम ने कार्यशाला शुभारंभ किया। कहा कि संतुलित आहार हर बच्चे का अधिकार है। सभी विभाग आपस में समन्वय स्थापित कुपोषण के खिलाफ जंग में सफलता हासिल करें। सभी कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन करें ताकि सरकार की चलाई जा रही योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ जनता को मिले। बीडीओ प्रभात द्विवेदी ने कहा कि सभी लोग यह निर्णय लें कि जिस तरह सभी विभागों के सहयोग से पल्प पोलियो को भारत से मुक्त किया गया, उसी तरह भारत को कुपोषण मुक्त भी किया जाए। महिलाओं का सहयोग लेकर हम कुपोषण को दूर कर सकते हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी अजीत कुमार सिंह ने कुपोषण के बारे में विस्तृत जानकारी दी। कहा कि कुपोषण एक गंभीर और भयावह समस्या है। इसको दूर करने के लिए संतुलित आहार, समय से टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, स्वच्छता पर विशेष जोर देना होगा। प्रयास करना होगा कि बच्चे को छह माह तक सिर्फ और सिर्फ मां का ही दूध पिलाएं। कार्यशाला में प्रधान, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा को आपस में समन्वय स्थापित कर कुपोषण मुक्त कराने, आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को गरमा गरम भोजन देने पर चर्चा किया गया। इस मौके पर तहसीलदार विकास पांडेय, बाल विकास परियोजना अधिकारी हृदय नारायण, बीटीओ विशाल पांडेय समेत अन्य मौजूद रहे।