सोनभद्र। समाज के छूटे हुए कमजोर वर्ग के लाभार्थियों को पात्रता सूची में सम्मिलित करने के लिए जिले में तीन दिवसीय अभियान चलेगा। प्रधान और सेक्रेटरी जिनका अभी तक राशनकार्ड नहीं बना है उनकी सूची तैयार कर आपूर्ति विभाग को देंगे। पूर्ति निरीक्षक सूची का सत्यापन कर रिपोर्ट देंगे। इसके बाद पात्रों को पात्रता की सूची में शामिल किया जाएगा। बता दें कि राबर्ट्सगंज, घोरावल, चतरा, नगवां, चोपन, म्योरपुर, बभनी और दुद्धी ब्लॉक क्षेत्र में 312000 लोगों का पात्र गृहस्थी का राशनकार्ड और 60558 लोगों का अंत्योदय राशनकार्ड मुहैया कराया गया है। लेकिन अभी भी नक्सल और दुरूह क्षेत्रों में करीब दस से 20 प्रतिशत लोगों का राशनकार्ड नहीं बन सका है। इनमें से सर्वाधिक गरीबी रेखा के नीचे गुजर-बसर करने वाले लोग शामिल हैं। हालांकि जिला प्रशासन ने जिनका राशनकार्ड नहीं बना है उन्हें तत्काल पात्र गृहस्थी में चयनित कर योजनाओं का लाभ देने का निर्णय लिया है। इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी राकेश तिवारी ने बताया कि राबर्ट्सगंज, घोरावल और दुद्धी तहसील क्षेत्र के सभी गांवों में आठ जनवरी से 11 जनवरी तक प्रधान और सेक्रेटरियों के माध्यम से समाज के छूटे हुए कमजोर वर्ग के लाभार्थियों को चिन्हित करवा कर सूची तैयार कराई जाएगी। कहा कि पूर्ति निरीक्षकों से प्रधानों द्वारा प्राप्त सूची की सत्यापन कराया जाएगा। सत्यापन के दौरान जो लोग पात्र मिलेंगे उन्हें पात्र गृहस्थी के तहत चयनित किया जाएगा। डीएसओ ने कहा कि अभियान को सफल बनाने की योजना तैयार कर ली गई है।