विंढमगंज। हाईटेंशन तार के चपेट में आने से घायल उच्च प्राथमिक विद्यालय मेदनीखाड के छात्र नीरज की हालात में सुधार नहीं हो रहा है। उसका हाथ, पैर कटने के बाद भी उसके जख्म अभी तक सूख नहीं रहे हैं। नीरज के सिर पर बने जख्म में भी इंफेक्शन हो रहा है। छह दिसंबर से वाराणसी के बीएचयू हॉस्पिटल में भर्ती नीरज को अभी तक किसी प्रकार की कोई भी सरकारी मदद नहीं मिली है। नीरज के साथ वाराणसी के बीएचयू में उसका उपचार करा रहे भाई प्रयाग ने बताया कि नीरज की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। सिर में काफी दर्द हो रहा है, जिसे लेकर हम सभी लोग परेशान है। डाक्टर भी नीरज के बढ़ रहे दर्द से परेशान हैं। डॉक्टरों का कहना है कि हालात पहले से कुछ सुधार में हैं, लेकिन अभी भी खतरा बना हुआ है। सिर पर बने जख्म में यदि सुधार नहीं हुआ तो फिर सिर का भी ऑपरेशन करना पड़ेगा। इसे लेकर नीरज के परिजन काफी परेशान हैं। सन क्लब सोसायटी के संयोजक प्रभात कुमार ने मुख्यमंत्री के पोर्टल पर शिकायत दर्ज करते हुए मुख्यमंत्री से नीरज की उचित इलाज और मुआवजा कराने की भी मांग की है। पूर्व विधायक रूबी प्रसाद ने भी नीरज को आर्थिक मदद करते हुए मुख्यमंत्री से नीरज के उचित इलाज व मुआवजा देने की मांग की है।