चोपन। ब्लॉक के सभी ग्राम पंचायतों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकानों से अभी तक पूर्ण रूप से राशन का वितरण नहीं हो सका है। इससे ग्रामीणों के सामने समस्या खड़ी हो गई है। शासन ने कोटेदारों को निर्देशित किया है कि ऑनलाइन वितरण के तहत राशन का वितरण कराया जाएगा, लेकिन नेटवर्क की गंभीर समस्या होने की वजह से सॉफ्टवेयर ठीक से काम नहीं कर पा रहा है। इससे लाभार्थियों का अंगूठा निशान नहीं मिल पा रहा है। महीने के एक से छह तारीख के बीच में खाद्यान्न का वितरण कर दिया जाता है, लेकिन बृहस्पतिवार तक भी लाभार्थियों में राशन पूर्ण रूप से नहीं वितरित हो सका है। इस संबंध में जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर ग्राम प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह एवं ग्रामवासी वनवासी सेवा कल्प के उपाध्यक्ष विद्या शंकर पांडे ने मांग किया है कि एक टीम गठित करके विभिन्न ग्राम पंचायतों में राशन का आवंटन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि लाभार्थियों तक अनाज का वितरण पूर्ण रूप से हो सके। रेणुका पार के दर्जनों गांव में जहां मूलभूत समस्याओं का सामना कर रहे हैं, वहीं आदिवासी वनवासी सरकारी राशन प्राप्त करने के बाद ही घरों का चूल्हा जला पाते हैं। उनके सामने वितरण रुकने की वजह से गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। कोटे की दुकानों पर इस हाड़ कंपाती ठंड में राशन मिलने की आस लिए ग्रामीण सुबह से लेकर शाम तक नेट सही होने का इंतजार करते हैं, लेकिन शाम होते ही खाली हाथ लौट जा रहे हैं। कोटेदार भी नेटवर्क ना होने की बात कह कर पल्ला झाड़ ले रहे हैं।