सोनभद्र। यूपी राज्य विद्युत उत्पादन निगम के प्रबंध निदेशक एवं जिले के नोडल अधिकारी डॉ. सेंथिल पांडियान सी ने शुक्रवार की रात कलेक्ट्रेट में विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दिया कि यदि समय से लक्ष्य पूरा नहीं हुआ तो जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य, शिक्षा और स्वच्छता पर उन्होंने विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। कहा कि सरकार की योजनाओं को जमीनी हकीकत में तब्दील किया जाए।
डॉ. सेंथिल ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप विकास परक कार्यक्रमों, जन कल्याणकारी योजनाओं व लाभार्थीपरक कार्यक्रमों को समयबद्ध तरीके से पूरी पारदर्शिता व गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाय। लक्षित योजनाओं को हर हाल में पूरा किया जाय। कार्यदायी संस्थाएं चरणबद्ध तरीके से अपने काम को पूरा करते हुए परियोजनाओं को हैंडओवर करें। जनता की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करते हुए शिकायतकर्ता को भी निस्तारण रिपोर्ट से अवगत कराएं। शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, कौशल विकास, वित्तीय समायोजन, नीति आयोग से निर्धारित इंडीकेटर्स पर विशेष रूप से ध्यान दिया जाए। उन्होंने पूर्व में किए गए उच्च स्तरीय निरीक्षणों का शत-प्रतिशत अनुपालन कराने का निर्देश दिया। कृषि विभाग कृषि क्षेत्रों में नई तकनीकी और हाईब्रिड बीजों का प्रयोग करें और उनसे होने वाले फायदों को किसानों तक पहुंचाए। प्रबंध निदेशक ने अभियान चलाकर जिले के ग्राम पंचायतों को खुले में शौचमुक्त कराने के लिए कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। बैठक में डीएम अमित कुमार सिंह, सीडीओ सुनील कुमार वर्मा, एसडीएम सदर शादाब असलम, सीएमओ डॉ. एसपी सिंह, डीडीओ रामबाबू त्रिपाठी, डीपीआरओ आरके भारती, पीडी आरएस मौर्या, बीएसए डॉ. गोरखनाथ पटेल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।