अनपरा । अनपरा परियोजना के मैटेरियल गेट पर विभिन्न मांगों को लेकर धरना पर बैठे संविदा कर्मियों ने बुधवार को काला दिवस मनाया। धरना के नौवें दिन भी संबंधित अधिकारियों द्वारा वार्ता न किए जाने से कर्मियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
जिला संविदा संयुक्त संघर्ष समिति के मंत्री और ठेका मजदूर यूनियन के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र पाल ने कहा कि अनपरा प्रबंधन की जिद और हठधर्मिता के खिलाफ मजदूरों को काला दिवस मनाना पड़ रहा है। कहा कि पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत नौ अगस्त को जेल भरो आंदोलन करेंगे। सुबह 10 बजे सभी लोग संविदा मजदूर मैटेरियल गेट से गिरफ्तारी देने के लिए अनपरा थाने के लिए प्रस्थान करेंगे। उन्होंने कहा कि मजदूर समान कार्य का समान वेतन और संविदा पर नियुक्ति की मांग सहित अपनी सभी मांगों के समर्थन में अनशन पर बैठे हैं। नौजवान सभा के जिला अध्यक्ष गुड्डू उपाध्याय ने सभी मजदूरों से नौ अगस्त को अपने अधिकारों की रक्षा के लिए जेल भरो आंदोलन में शामिल होने की अपील की। इस मौके पर संजय शर्मा, मुन्ना मलिक, मुक्तेश यादव, रामायण प्रसाद, मुस्ताक अहमद, गनेश सिंह, बृजराज सिंह, कंचन सिंह, नीलम, कुसुम देवी, चिंता देवी, अनिता देवी आदि मौजूद रहीं।