अनपरा। एनटीपीसी ऊचांहार और अनपरा में हुई दुर्घटनाओं के बाद अनपरा तापीय परियोजना का दौरा कर मजदूरों की जीवन सुरक्षा के अपने किए वायदे को मुख्यमंत्री को पूरा करना चाहिए। यह मांग यूपी वर्कर्स फ्रंट के प्रदेश अध्यक्ष व ठेका मजदूर यूनियन के जिला मंत्री दिनकर कपूर ने की है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री कार्यालय को इस संबंध में एक पत्र दिया गया है। जिसमें मजदूरों को सुरक्षा उपकरण देने, हर माह खाते में न्यूनतम मजदूरी भुगतान, ईएसआई का लाभ देने, अनपरा परियोजना में झुलसने से दम तोड़ने वाले परवेज की पत्नी को नौकरी देने, बकाया मजदूरी का भुगतान करने और मजदूरों को वेतन पर्ची, बोनस, हाजिरी कार्ड व ग्रेच्युटी जैसे विधिक अधिकार देने की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि सीएम के निर्देश और घोषणाओं का अनपरा व ओबरा में अनुपालन नहीं हो रहा है। ठेका मजदूरों को न्यूनतम सुरक्षा उपकरण तक नहीं दिए गए हैं। हालत इतनी खराब है कि मजदूरों को छह माह से मजदूरी का भुगतान नहीं किया जा रहा है। विद्युत विभाग में कार्यरत ठेका मजदूरों का वेतन सीधे उनके खाते में देने की सरकार की घोषणा का एक वर्ष से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी लागू नहीं हुई है। सरकार की घोषणाओं के क्रियान्वयन के लिए अनपरा परियोजना के मुख्य द्वार पर 18 अप्रैल से सत्याग्रह उपवास किया था, जिसमें अनपरा तापीय परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक की उपस्थिति में समझौता भी हुआ और मजदूरों की जीवन सुरक्षा को सुनिश्चित करने का लिखित आश्वासन दिया गया लेकिन तीन माह बीत जाने के बाद भी अनुपालन नहीं हुआ।