अनपरा। विद्युत वितरण विभाग खंड पिपरी की ओर से शक्तिनगर के खडिय़ा में लगे तीन दिवसीय विद्युत बिल सुधार शिविर के दूसरे दिन मंगलवार को विद्युत चोरी व बकाया जमा न करने पर 35 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इस दौरान बकायेदारों से 4.80 लाख रुपये की वसूली की गई।
विद्युत वितरण विभाग के अवर अभियंता विमलेश सिंह ने बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए आयोजित बिल सुधार शिविर में लगातार विद्युत कर्मी बिल की त्रुटियों और नए कनेक्शन सहित बकाया वसूली पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिन उपभोक्ताओं का बिल काफी समय से जमा नहीं हो रहा है, उन्हें चिह्नित कर कार्रवाई की जा रही है तथा नए कनेक्शन भी वितरित किए जा रहे है। अवैध कनेक्शनधारियों के खिलाफ भी मुहिम चलाकर कार्रवाई की जा रही है। मंगलवार को शिविर में 16 विद्युत बिलों में सुधार, 12 नए कनेक्शन एवं 35 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी सहित 4.80 लाख रुपये राजस्व वसूला गया। उन्होंने बताया कि बुधवार को अंबेडकर नगर में शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर उप खंड अधिकारी विरेश सिंह, अभिषेक, प्रवीण, जगजीवन, सूर्यदेव, राजकुमार, अनुराग, संतोष, रमेश, मनोज आदि उपस्थित रहे।