शक्तिनगर । नार्दर्न कोल फील्ड्स लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2018-19 में जुलाई तक बिजली घरों को लगभग 15 प्रतिशत अधिक कोयले की सप्लाई की है। चालू वित्त वर्ष में 31 जुलाई तक बिजली घरों को 27.14 मिलियन टन कोयला दिया है।
गत वित्त वर्ष की समान अवधि में 23.65 मिलियन टन कोयले की सप्लाई की थी। चालू वित्त वर्ष के पहले चार महीनों (अप्रैल से जुलाई तक) में एनसीएल ने बिजली घरों सहित अपने सभी कोयला ग्राहकों को कुल 32.75 मिलियन टन कोयले का प्रेषण किया है, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में किए गए कोयला डिस्पैच से लगभग 13 प्रतिशत अधिक है। कोयला उत्पादन में भी एनसीएल ने वित्त वर्ष 2018-19 के पहले चार महीनों में शानदार प्रदर्शन किया है। कंपनी ने 31 जुलाई तक 32.67 मिलियन टन कोयला उत्पादन किया है, जो गत वित्त वर्ष की समान अवधि में किए गए 28.10 मिलियन टन से 16 प्रतिशत अधिक है। गौरतलब है कि चालू वित्त वर्ष में एनसीएल को 100 मिलियन टन कोयला उत्पादन एवं 100.5 मिलियन टन कोयला प्रेषण की जिम्मेदारी दी गई है। मार्च में समाप्त पिछले वित्त वर्ष में एनसीएल ने 93.01 मिलियन टन कोयले का उत्पादन एवं 96.13 मिलियन टन कोयले का प्रेषण किया था, जो किसी भी वित्त वर्ष में कंपनी का अब तक का सर्वाधिक कोयला उत्पादन एवं प्रेषण है।