एनसीएल की कई परियोजनाओं में आवास आवंटन में धांधली को लेकर कर्मियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है । पूर्व में कर्मियों ने पद के अनुसार आवास आवंटन की मांग की थी लेकिन परियोजना प्रशासन ने कोई ध्यान नहीं दिया । इससे नाराज एनसीएल खड़िया के कर्मियों ने हड़ताल की चेतावनी देकर परियोजना प्रशासन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
कोल इंडिया आईटीआई इंप्लाइज एसोसिएशन ने एनसीएल की खड़िया परियोजना में आवास आवंटन में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। सचिव उदित नारायण शुक्ला ने बताया कि वरीयता सूची के अनुसार आवास आवंटन न कर चहेतों को आवास दिया गया है। इस संबंध में तकरीबन एक माह पूर्व ज्ञापन सौंप कर खड़िया के महाप्रबंधक को अवगत कराते हुए वरीयता सूची के अनुसार आवास आवंटन करने की मांग की गई थी । महाप्रबंधक ने संघ को आश्वासन भी दिया था कि मामले की जांच कराकर गड़बड़ी को दूर कर ली जाएगी तथा वरीयता सूची के अनुसार ही आवास आवंटित किया जाएगा। लेकिन एक माह बीत जाने के बावजूद आवास आवंटन में हुई गड़बड़ी को दूर नहीं किया गया । यह भी बताया कि आवास आवंटन समिति की कोई बैठक भी नहीं बुलाई गई। जिससे कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सचिव के मुताबिक दो जुलाई को हड़ताल की चेतावनी दी गई है। एनसीएल की खडिय़ा परियोजना के महाप्रबंधक के अलावा एनसीएल मुख्यालय सिंगरौली के भी उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।