बीजपुर। म्योरपुर ब्लाक के ग्राम पंचायत पिण्डारी के टोला नगराज में बिच्छी नदी पर बना पक्का पुल टूटने के एक वर्ष बाद भी नहीं बना। जिससे ग्रामीणों को आने जाने में परेशानी झेलनी पड़ रही है। प्रधान सहित ग्रामीणों ने तहसील दिवस में लिखित शिकायत कर टूटे पुल के मरम्मत की मांग की थी लेकिन जिला प्रशासन के पहल न किए जाने से लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
प्रधान पिंडारी धीरेंद्र जायसवाल ने बताया कि पिछले बरसात में बिच्छी नदी उफान पर थी। इसी दौरान तेज बहाव के कारण पुल का एक हिस्सा टूट कर बह गया था। जिससे ग्रामीणों को आवागमन के लिए भारी मुश्किल झेलनी पड़ी थी। ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए बांस बल्ली के सहारे एक जुगाड़ पुल बनवाकर काम चलाया जा रहा था। लेकिन पांच महीने बाद उसका बांस व बल्ली सड़ने से जुगाड़ पुल भी टूट गया। इसके बाद पुल के टूटे हिस्से को मिट्टी से पटवा कर आवागमन किया जा रहा है लेकिन जिस दिन भारी वर्षा होने पर जैसे ही नदी उफान पर आएगी तो पटाव वाली मिट्टी बह जाएगी और पिण्डारी गांव से नगराज टोले का आवागमन ठप हो जाएगा। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों में काफी गुस्सा है। इस बाबत खण्ड विकास अधिकारी दिवाकर सिंह ने बताया कि यह मामला ग्राम पंचायत स्तर का नहीं है । जिला प्रशासन के जरिए ही किसी कार्यदायी संस्था से ही पुल का निर्माण संभव है। इस कार्य के लिए जिलास्तरीय अधिकारियों को पत्र भेजकर अवगत करा दिया गया है।