सलखन। सदर तहसील के चेरूई ग्राम पंचायत में तीन तालाबों को कुछ लोगों के नाम पट्टा कर दिया गया। अब तक संबंधितों ने जेसीबी लगवाकर तालाब को समतल कराना शुरू किया तो ग्रामीणों को उसके पट्टा होने की जानकारी हुई। ग्रामीणों ने डीएम समेत अन्य अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।
सदर तहसील के चेरूई ग्राम पंचायत में कुछ और ही खेल चल रहा है। गांव के रामऔतार, बनारसी पांडेय ने डीएम को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि पूर्व में तैनात एआरओ (सहायक चकबंदी अधिकारी) ने ग्राम पंचायत के तीन तालाबों को कुछ लोगों को पट्टा कर दिया। गांव में पूर्वजों के जमाने का तालाब था। अधिकारियों ने पहले इस जमीन को बंजर भूमि दिखा दिया और फिर तीनों तालाबों की जमीनों को कुछ लोगों के नाम से पट्टा कर दिया। अब उस पर कब्जा शुरू कर दिया गया है। इसकी जानकारी ग्रामीणों को उस समय हुई जब लोगों ने जेसीबी मशीन से तालाब का भीटा तोड़ कर जमीन का समतलीकरण कराना शुरू कर दिया। एसडीएम सदर शादाब असलम का कहना है कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं है। नायब तहसीलदार को भेजकर जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट आने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।