अनपरा । बुधवार की देर रात आई आंधी और बरसात का असर विद्युत उत्पादन पर पड़ा है । पारेषण और वितरण लाइनों में खराबी के चलते उत्पादन निगम की चार परियोजनाओं से 1402 मेगावाट तक विद्युत उत्पादन घटाना पड़ा। इतना ही नहीं अकेले अनपरा तापीय परियोजना का उत्पादन 1021 मेगावाट लुढ़क कर 1406 मेगावाट पर पहुंच गया।
आंधी के बाद हुई बरसात से तापमान में कमी आने से लोगों ने राहत की सांस ली और बिजली की मांग भी कम हुई लेकिन आंधी से प्रदेश में जगह-जगह पेड़ों के गिरने से पारेषण व वितरण लाइनों में आई खराबी ने विद्युत उत्पादन को हिला कर रख दिया। आंधी से पहले बुधवार की शाम चार बजे अनपरा से 2427, ओबरा से 350, हरदुआगंज परियोजना से 147 मेगावाट विद्युत उत्पादन हो रहा था लेकिन रात में आई आंधी से इन तीनों परियोजनाओं से विद्युत उत्पादन लडख़ड़ा गया। गुरुवार की सुबह सात बजे अनपरा का विद्युत उत्पादन 2427 मेगावाट से लुढ़क कर 1406 मेगावाट पर पहुंच गया। ओबरा से 350 मेगावाट विद्युत उत्पादन हो रहा था जो आंधी के बाद 116 मेगावाट पर पहुंच गया। हरदुआगंज से 147 मेगावाट उत्पादन हो रहा था लेकिन आंधी के बाद आई खराबी के चलते यहां की परियोजना से विद्युत उत्पादन बंद करना पड़ा। उत्पादन निगम से जुड़े अधिकारियों के अलावा तापीय परियोजना अनपरा के मुख्य महाप्रबंधक इं. एके सिंह ने बताया कि आंधी से परियोजनाओं में किसी तरह की दिक्कत नहीं आई है लेकिन पारेषण व वितरण लाइनों में खराबी के चलते अनपरा, ओबरा व हरदुआगंज से 2442 मेगावाट कर विद्युत उत्पादन घटाना पड़ा है। पारेषण लाइनों के दुरूस्त होते ही अनपरा से विद्युत उत्पादन पूर्व की तरह होने लगेगा।