सोनभद्र। अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और पीड़ितों को त्वरित राहत दिलाने के लिए बेहतर कार्य करने वाले पुलिस कर्मी को प्रत्येक माह पुरस्कृत किया जाएगा। डीजीपी स्तर से इसके लिए जिला और रेलवे पुलिस अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी होते ही, इस दिशा में काम शुरू हो गया है। कप्तान आरपी सिंह ने सभी थानाध्यक्षों को इस फरमान को प्रभावी बनाने का निर्देश जारी किया है।
पुलिस महानिदेशक ने जनपदीय, रेलवे पुलिस में थानों पर कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को मनोबल बढ़ाए जाने के उद्देश्य से थानों पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले दरोगा, मुख्य आरक्षी और आरक्षियों में से जिसका कार्य सर्वोत्तम होगा, उसका प्रत्येक माह पुलिस पर्सनल ऑफ द मंथ के रूप में चयन करने का निर्देश दिया है। इसका चुनाव थानाध्यक्ष करेंगे और उन्हें प्रत्येक माह के एक तारीख तक हरहाल में चुने गए कर्मी का फोटो मय विवरण एसपी कार्यालय को उपलब्ध कराना होगा। चयनित पुलिसकर्मी की बड़ी फोटो पुलिस पर्सनल ऑफ द मंथ शीर्षक के साथ लगाया जाएगा। कई मामलों में पुलिस कर्मियों और सब इंस्पेक्टर लापरवाही बरतने की शिकायत मिल रही थी। ऐसे लोगों को सक्रिय बनाने के लिए डीजीपी का यह निर्देश काफी महत्वपूर्ण साबित होगा, वहीं अपराध प्रभावी नियंत्रण के लिए इस फार्मूले को कारगर माना जा रहा है। पुलिस अधीक्षक राम प्रताप सिंह ने बताया कि सभी थाना प्रभारियों को डीजी के निर्देश से अवगत करा दिया गया है। इसी माह से इसे लागू किया जाना है।