सोनभद्र (ओबरा)। वीआईपी रोड स्थित एक शापिंग कांप्लेक्स में मंगलवार की रात करीब साढ़े नौ बजे आग लग गई। भीषण आग की चपेट में कि कई दुकानें आ गईं। इससे भारी क्षति हुई। मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई, जिसे नियंत्रित करने में पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। छह फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया।
मंगलवार की देर रात शापिंग मॉल के निचले हिस्से में स्थित एक गारमेंट्स की दुकान में पहले आग लगी। इससे दुकान में रखा लाखों का सामान जल गया। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते अगल बगल की दुकानों को भी चपेट में ले ली। आग के भीषण रूप का इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि आग पर काबू पाने में दमकल की छह गाड़ियों को भी तीन घंटे से ऊपर का वक्त लगा। सूचना पर मौके पर सीओ ओबरा डॉ. केजी सिंह, ओबरा थाना और डाला चौकी पुलिस डटी रही। रात में एसडीएम सदर विशाल यादव भी मौके पर पहुंच गए थे।