सोनभद्र। राबर्ट्सगंज के बढौ़ली चौक पर बुधवार को वादाखिलाफी पर छात्रसंघ के पदाधिकारियों एवं छात्रों ने संयुक्त रूप से काशी विद्यापीठ के कुलपति का प्रतीकात्मक पुतला फूंका और विरोध-प्रदर्शन किया। छात्रों ने ओबरा पीजी कॉलेज में एमकाम संस्थागत स्तर पर कक्षा चलाए जाने की मांग उठाई।
पुतला दहन से पूर्व राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ओबरा के छात्रसंघ महामंत्री अनिकेत श्रीवास्तव ने कहा कि विगत 26 जनवरी को महाविद्यालय में कुलपति का आगमन हुआ था, उनके समक्ष एमकाम संस्थागत की मांग रखी गई थी तो कुलपति ने आश्वासन दिया था। लेकिन वादाखिलाफी करते हुए आश्वासन को दरकिनार कर दिया गया, जिससे विद्यार्थियों के भविष्य के साथ विश्वासघात किया गया है। छात्र संघ पुस्तकालय मंत्री कुमार सौरभ सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय की ओर से तमाम अनियमितताएं की गई हैं, जिसका खामियाजा छात्र-छात्राओं को भुगतना पड़ रहा है। छात्र नेता अभय गुप्ता ने कहा कि विश्वविद्यालय की ओर से बीए, बीएससी, बीकाम की कापियों के मूल्यांकन में भारी अनियमितता की गई है, जिससे सैकड़ों छात्र-छात्राओं का जीवन अधर में है। इतना ही नहीं सैकड़ों छात्रों के अंकपत्र में त्रुटियों के साथ बैक दर्शाया गया है। छात्र नेताओं ने कहा कि अगर जल्द समस्याओं का निराकरण नहीं कराया जाता तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। विक्रम सिंह, मनमोहन कुमार, आकाश यादव, शुभम पटेल, अक्षय पांडेय, शिवम बरनवाल, शशांक शेखर पांडेय, अमित रंजन, विषम अग्रहरि, शिवम पांडेय, प्रदीप कुमार, बृजेश, दीपक सोनी, समीर, मोहित, शशांक, विक्रांत, अंकुश, सूर्यदेव, लवकुश, सत्यम, अंकित सिंह, अरुण सिंह, पीयूष राय, विषम, गुलशन आदि शामिल रहे।