सोनभद्र। सघन पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। जिलाधिकारी पीके उपाध्याय ने सीएमओ कार्यालय परिसर में नौनिहालों को दो बूूंद जिंदगी की पिलाकर इसकी शुरुआत की। 1068 बूथों पर बच्चों को एएनएम, आशाओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. बीके अग्रवाल ने बताया कि जिले में 1068 बूथ बनाये गये हैं, जहां पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। इसके अतिरिक्त बस अड्डों, रेलवे स्टेशन जैसे- भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर 38 ट्रांजिट पोलियो बूथ बनाये गये हैं और चोपन तथा सुकृत के खदान क्षेत्रों में काम करने वाले मजदूरों के बच्चों के लिए आठ मोबाइल टीमें बनायी गयी हैं जो इन क्षेत्रों में घूम-घूम कर बच्चों को पोलियो की दवा पिलायेगी। रविवार को 337628 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य है। जो बच्चे आज पोलियो की खुराक पीने से छूट जायेंगे उन्हें अगले पांच दिनों तक घर-घर जाकर पोलियो की खुराक दी जायेगी। इस मौके पर प्रशिक्षु आईएएस अतुल वत्स, सीएमओ डा. केजी सिंह, डिप्टी सीएमओ डा. डीके सिंह, डा. प्रेमनाथ, मो. नसीम, संजय कुमार सिंह मौजूद रहे।