सोनभद्र। दस हजार और इससे अधिक की बिजली के बिल के बकायेदार 75047 उपभोक्ताओं की आपूर्ति ठप करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। कई बार की चेतावनी के बाद भी बिल नहीं अदा करने पर यह निर्णय लिया गया है। कार्रवाई के लिए विभागीय उच्चाधिकारी अवर अभियंताओं के नेतृत्व में टीमें गठित कर कर रहे हैं। जल्द ही अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
बिजली विभाग की मानें तो जिले के राबर्ट्सगंज, घोरावल और दुद्वी तहसील क्षेत्र के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 248863 बिजली उपभोक्ता हैं। इनमें से 75047 उपभोक्ताओं के ऊपर दस हजार या उससे अधिक बिजली का बिल बकाया है। इन सभी बकाएदारों के ऊपर करीब 422.83 करोड़ रुपये बिल बाकी है। फरवरी में बिजली विभाग की ओर से बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं की आपूर्ति ठप करने की कार्रवाई शुरू की गई थी लेकिन मार्च में लॉकडाउन के चलते अभियान को बंद करना पड़ा। उच्चाधिकारी अफसरों को बकाया जमा न कराने पर कार्रवाई की चेतावनी दे रहे हैैं। इसके बाद अवर अभियंताओं ने कार्रवाई के लिए बकायेदारों की सूची तैयार कर अधिकारियों को सुपुर्द कर दिया है। जल्द ही बिल जमा न करने वालों की आपूर्ति ठप करने की कार्रवाई शुरू होगी।
इनसेट
शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं पर 20.12 करोड़ बकाया
सोनभद्र। जिले के शहरी क्षेत्रों में निवास करने वाले हजारों उपभोक्ताओं पर करोड़ों रुपये बिजली का बिल बकाया है। नोटिस भेजने के बाद भी इन उपभोक्ताओं ने बकाया जमा नहीं किया। सहायक अभियंता अभिषेक ने बताया कि राबट्र्सगंज, पिपरी, रेणुकूट और ओबरा के 2823 उपभोक्ताओं के ऊपर करीब 20.12 करोड़ रुपये बकाया है। क्षेत्रीय अवर अभियंता बकायेदारों को बकाया बिल जमा करने का नोटिस भेज चुके हैं लेकिन अभी तक नहीं किए।
वर्जन....
किश्त में विद्युत बिल जमा करने की सुविधा देने के बाद भी बकायेदार बिल नहीं जमा कर रहे हैं। दस हजार या इससे अधिक के बकायेदारों की बिजली आपूर्ति जल्द ही ठप कराई जाएगी। बिल जमा करने और बकायेदारों की मानीटरिंग की जिम्मेदारी सहायक अभियंता अभिषेक को सौंपी गई है। -एसके सिंह, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड राबर्ट्सगंज।