सोनभद्र। जिले में मंगलवार को प्रधान मंत्री श्रम योगी मानधन योजना का शुभारंभ किया गया। बतौर मुख्य अतिथि सदर विधायक भूपेश चौबे और डीएम अंकित कुमार अग्रवाल ने दो सौ से अधिक पात्रों को प्रधान मंत्री श्रम योगी मानधन योजना का पेंशन कार्ड प्रदान किया और विश्वास जताया कि यह योजना असंगठित क्षेत्रों के मेहनतकश लोगों के चेहरे पर मुस्कान तो लाएगी ही, देश के विकास को रफ्तार भी देगी।
विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि सबका साथ, सबका विकास के तहत असंगठित श्रेणी के कामगारों को तीन हजार रुपये महीने पेंशन की व्यवस्था कर पीएम मोदी ने एक नई इबारत लिखी है। एकबारगी विश्वास नहीं होता कि काफी कम प्रीमियम पर तीन हजार प्रतिमाह पेंशन की व्यवस्था हो जाएगी। कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के अहमदाबाद शहर से इस योजना का शुभारंभ किया है, जिससे देश के 42 करोड़ असंगठित मजदूर लाभान्वित होंगे। डीएम अंकित कुमार अग्रवाल ने कहा कि यह योजना असंगठित क्षेत्र के कामगारों के लिए पेंशन की उम्र में वरदान साबित होगी। बताया कि रिक्शा चालक, फेरी कर सामान बेचने वाले, मिड डे मील कामगार, ईंट-भट्ठा कामगार, खेतिहर कामगार, धोबी, घरों पर काम करने वाले, खुद का काम करने वाले कामगार, घर-मकान बनाने वाले कामगार, बीड़ी बनाने वाले, हथकरघा, चमड़ा बनाने वाले, आडियो-विजुअल आदि कामगार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा, मनरेगा श्रमिक आदि इसका लाभ उठा सकेंगे। जिनकी उम्र 18 से 40 वर्ष है, वह अपने आधार और बैंक खाते के दस्तावेज के साथ कामन सर्विस सेंटर में पंजीकरण करा सकते हैं। प्रीमियम प्रतिमाह 55 रुपये से दो सौ रुपये तक है। इस मौके पर उप श्रमायुक्त परी सरजूराम, कमलेश चौबे, उदयनाथ मौर्य, गोविंद यादव, जिला कार्यक्रम अधिकारी अजीत सिंह, जिला युवा कल्याण अधिकारी एनबी सिंह आदि मौजूद रहे।