सोनभद्र। लोक सभा चुनाव के मद्देनजर निर्वाचन आयोग ने जिले में लंबे समय से जमे इंस्पेक्टर से लेकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को हटाने का निर्णय लिया है। सूबे के मुख्य चुनाव अधिकारी एल वेंकटेश्वर लू ने डीएम और एसपी से 31 मई 2019 को तीन साल का कार्यकाल पूर्ण करने वालों की सूची तलब की है। आयोग के निर्देश पर सूची तैयार होने लगी है। बतादें कि भारत निर्वाचन आयोग ने वर्ष 2019 में होने वाले लोक सभा चुनाव की तैयारी तेज कर दी है। निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न कराने के लिए जिले में वर्षों से जमे पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों का स्थानांतरण करने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में 17 जनवरी 2019 को यूपी के मुख्य चुनाव अधिकारी एल वेंकटेश्वर लू ने सभी डीएम और एसपी को पत्र भेज कर 31 मई 2019 तक तीन साल का कार्यकाल पूर्ण करने वालों की सूची मांगी है। पत्र में लिखा है कि आच्छादित होने वाले अधिकारियों का जनपदवार/श्रेणीवार विवरण तैयार कराने एवं नई तैनाती के संबंध में आयोग के निर्देशों के विहित प्रक्रिया अनुरूप कार्यवाही करते हूए विवरण इस कार्यालय को अविलंब उपलब्ध कराएं। इस कार्यवाही की पुलिस इंस्पेक्टर होंगे। इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम अमित कुमार सिंह ने कहा कि आयोग के निर्देशानुसार निर्धारित समयसीमा के भीतर तीन साल का कार्यकाल पूर्ण करने वाले एसडीएम, ईओ, सभी विभागों के अधिकारियों की रिपोर्ट तैयार कराई जा रही है। उधर पुलिस अधीक्षक किरीट राठोड ने कहा कि आयोग के निर्देशानुसार सूची तैयार कराई जा रही है। उधर मुख्य निर्वाचन अधिकारी के आदेश की भनक लगते ही जिले में लंबे समय से तैनात अधिकारियों में खलबली मच गई है, उन्हें खुद के चले जाने का भय सताने लगा है। कइयों ने तो आयोग की कार्यवाही से बचने के लिए जुगाड़ की तलाश में भी जुट गए है।