सोनभद्र। फ्लाई ऐश प्रबंधन एवं ओबरा डी परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रगति संबंधी समीक्षा बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। इसमें डीएम अमित कुमार सिंह ने मानकों के अनुसार फ्लाई ऐश के निस्तारण के लिए जमीन चिह्नित करने का निर्देश संबंधितों को दिया। चेताया कि एनजीटी के निर्देशों के पालन में हीलाहवाली करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक में डीएम ने कहा कि क्षेत्रीय जन मानस को बिना प्रभावित किये हुए फ्लाई ऐश का निस्तारण किया जाए, ताकि प्रदूषण उत्पन्न न हो और जनमानस के साथ ही वातावरण भी प्रदूषण के प्रभाव से बचाया जा सके। राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण नई दिल्ली के आदेशानुसार सभी मानकों को पूरा किया जाय। आपस में समन्वय बनाकर भूमि चयन का कार्य किया जाए। औद्योगिक इकाइयां अपने-अपने श्रमिकों को न्यूनतम मजदूरी हर हाल में दें। श्रमिकों का हक न मारा जाए। इसके लिए बायोमैट्रिक से उपस्थिति की व्यवस्था करायी जाए। शासन की मंशा के अनुरूप श्रमिकों को सभी मूलभूत व्यवस्था उपलब्ध करायी जाए। बैठक में सीडीओ महेंद्र मिश्र, एसडीएम सदर शादाब असलम, प्रशिक्षु आईएएस, एसडीएम घोरावल मणिकनंडन, एसडीएम दुद्धी रामचंद्र यादव, डीएफओ संजीव कुमार, डीपीआरओ आरके भारती, सीबीओ डॉ. एके श्रीवास्तव, औद्योगिक इकाइयों के पदाधिकारी मौजूद रहे।